उत्तराखंड के नैनीताल में वीआईपी कल्चर दिखाना एक यु.पी. विधायक पुत्र को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद सीट से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे ने माल रोड पर यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए जमकर हंगामा किया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी फॉर्च्यूनर कार (UP33V0003) को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विधायक पुत्र अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। माल रोड पर जाम के दौरान उसने बिना किसी आपात स्थिति के लगातार वाहन का हूटर बजाना शुरू कर दिया। उसी समय मौके पर मौजूद एसडीएम नवाजिश खालिक की नजर हूटर बजाती कार पर पड़ी।
एसडीएम ने तुरंत वाहन को रुकवाकर हूटर बजाने का कारण पूछा, लेकिन विधायक पुत्र ने गलती मानने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी। आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की और वाहन छोड़ने की मांग की। इस दौरान माल रोड पर कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने पुलिस को मौके पर बुलाया। जांच के दौरान वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटते हुए फॉर्च्यूनर को मौके पर ही सीज कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।