सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशानुसार हरिद्वार पुलिस द्वारा जनपदभर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने “ड्रिंक एंड ड्राइव” के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक कार चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए गिरफ्तार किया है।

दिनांक 27 मार्च शुक्रवार की रात्रि को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान गैस प्लांट क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार संख्या DL-1ZC-9721 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की जांच करने पर चालक को नशे की हालत में लापरवाही व खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए पाया गया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता था।

पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि होने पर चालक को धारा 185 “मोटर वाहन अधिनियम” के तहत हिरासत में लेकर संबंधित वाहन को मौके पर ही सीज किया।

गिरफ्तार चालक की पहचान दानपाल पुत्र शेरराम, मूल निवासी किशनपुर कनिया थाना रामनगर, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) एवं वर्तमान निवासी हाउस नंबर 1530, गली नंबर 53, मोलारबंद एक्सटेंशन, मोलबन्द दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है।

इस अभियान में हरिद्वार पुलिस की टीम में उ0नि0विकास रावत , चौकी प्रभारी गैस प्लांट कोतवाली रानीपुर , का0नरेंद्र राणा व का0कुंवर राणा शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!