हरिद्वार: 25 मार्च बुधवार को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि मायादेवी मंदिर पार्किंग क्षेत्र में दो लोगों के बीच झगड़ा हो रहा है और एक युवक दूसरे व्यक्ति के सिर पर पत्थर से वार कर रहा है।सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची,जहाँ एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराते हुए स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए, जिसके बाद एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। गठित पुलिस टीम ने विभिन्न स्तरों पर साक्ष्य और जानकारी जुटाते हुए ललतारा पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी और पेड़ के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान मृतक ने आरोपी के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। आरोपी द्वारा कई बार मना करने के बावजूद मृतक नहीं माना, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव (उम्र करीब 20 वर्ष ) पुत्र नरेश, निवासी सिरसी रहमतपुर, थाना मैनाढेर ,संभल जिला उत्तर प्रदेशके रूप में हुई है। आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त के प्रयास लगातार जारी हैं। लावारिस मृतक को न्याय दिलाने के लिए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर हत्या का सफल अनावरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विपिन साहा, नंदकिशोर ग्वाड़ी, चरण सिंह चौहान, संजीत कंडारी, निर्मल रांगन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद शामिल रहे।