उत्तराखंड के जनपद पर्यटन नगरी नैनीताल में कल 25 मार्च बुधवार की शाम सड़क हादसों से भरी रही। अलग-अलग स्थानों पर हुए कई हादसों में व्यापारी समेत कई लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
मल्लीताल क्षेत्र के पालिका बाजार में कैंडल की दुकान लगाने वाले जगदीश चंद्र तिवारी देर शाम दुकान बंद कर अपने हंस निवास स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान रॉयल होटल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे तीन नाबालिग स्कूटी सवारों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश के पैर की हड्डी गंभीर रूप से टूट गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं एक अन्य घटना में कल 25 मार्च बुधवार शाम करीब सात बजे तल्लीताल निवासी पार्थ साहअपने साथी के साथ पूजा के लिए हनुमानगढ़ जा रहे थे। हनुमानगढ़ की चढ़ाई के दौरान एक कार चालक ने बैक करते समय उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों का इलाज भी बी.डी. पांडे अस्पताल में चल रहा है।
इसी क्रम में मॉल रोड क्षेत्र में जू रोड निवासी 22 वर्षीय अनस की स्कूटी तेज रफ्तार के कारण फिसल गई, जिससे उसे हल्की चोटें आईं। अनस ने अस्पताल में उपचार कराने के बाद किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
एक अन्य मामले में मंगलवार 24 मार्च डीएसबी कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई कर रही छात्रा नामीरा को लेकर जा रही टैक्सी बाइक मार्शल कॉटेज की ओर जाते समय अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में नामीरा के चेहरे पर कई जगह चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया।
गौरतलब है कि बीते 19 मार्च को भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की को भी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने कुर्मांचल बैंक के पास जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी नाक और गाल की हड्डी टूट गई थी।
लगातार बढ़ते हादसों से दहशत
नैनीताल, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर समेत जिले के अन्य आबादी क्षेत्रों में युवाओं की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और आरटीओ विभाग के साथ जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!