जनपद हरिद्वार: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में का अपराध के प्रति त्वरित एक्शन कोतवाली रानीपुर पुलिस ने पास कॉलोनी शिवालिक नगर में हुई चैन स्नैचिंग की घटना का त्वरित अनावरण करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई चैन का हिस्सा तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
घटना के संबंध में वादी सत्यशील वत्स निवासी शिवालिक नगर द्वारा दिनांक 23 मार्च सोमवार को तहरीर दी गई थी कि रात लगभग 8 बजे उसके मेडिकल स्टोर शिवालिक शील फार्मेसी पर दो युवक मोटरसाइकिल से आए। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में आया और सामान लेने के दौरान अचानक झपट्टा मारकर सत्यशील वत्स के गले से चैन छीनकर फरार हो गया। पीछा करने पर दोनों बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीआईयू हरिद्वार की सहायता से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का पीछा किया, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में दिनांक 25 मार्च 2026 बुधवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल क्षेत्र, रावली महदूद – बहादराबाद मार्ग के पास तिराहे से आरोपी अनमोल गर्ग (उम्र 24 वर्ष) पुत्र रजनीश गर्ग, निवासी गांधी नगर, थाना नई मंडी, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू और लूटी गई चैन का टुकड़ा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि- गिरफ्तार आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला, निवासी बराड़ी दिल्ली , के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लूट और चैन स्नैचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहा है। आरोपी पूर्व में जनपद बिजनौर के थाना मंडावर क्षेत्र में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने नशे की पूर्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर से हरिद्वार आए, शिवालिक नगर क्षेत्र में पहले रेकी की और अंधेरा होने पर मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाकर चैन लूट की घटना को अंजाम दिया।
फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्यवाही में पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर आशुतोष राणा , उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट) , प्रभारी सी0आई0यु0 नरेंद्र सिंह बिष्ट एवं अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!