कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के बाद हरिद्वार पहुंचे मदन कौशिक का बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। शहर के विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
मदन कौशिक के कैबिनेट मंत्री बनने पर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों का कहना है कि उनके मंत्री बनने से क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलेगी। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के प्रति विश्वास जताया और उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास की उम्मीद व्यक्त की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, चाहे वह सरकार की हो या संगठन की, उसे वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने की बात कही।
आगामी कुंभ को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार कुंभ को दिव्य और भव्य बनाया जाएगा, जिसके लिए सभी मंत्री मिलकर समन्वय के साथ काम करेंगे।