हरिद्वार में ईद पर्व को मद्देनजर रखते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा व्यवस्था एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें।

क में निर्देश दिए गए कि सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार राउंड पर रहें। थाना प्रभारी नमाज एवं पर्व के दौरान सरकारी वाहन के साथ क्षेत्र में सक्रिय गश्त करते रहें। ईदगाह और उसके आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जाए।
एसएसपी ने यह भी निर्देशित किया कि नमाज से पहले वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित ढंग से कराई जाए, ताकि यातायात में कोई बाधा न उत्पन्न हो। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।

पर्व के दौरान सभी सर्किल ऑफिसर अपने-अपने थाना प्रभारियों के संपर्क में रहें और किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें।
इसके अलावा, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि ईद के दौरान पालतू पशु, विशेषकर सूअर, सार्वजनिक स्थानों पर न घूमें। इस संबंध में समय रहते संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।