
हरिद्वार में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सिडकुल थाना क्षेत्र से जुड़े अवैध खनन मामले में संलिप्तता सामने आने पर एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान संबंधित आरक्षी को पुलिस लाइन में उपस्थित रहने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी को सौंपी गई है।
एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि, प्रकरण की प्रारंभिक एवं विस्तृत जांच एक सप्ताह के भीतर पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।