हरिद्वार, 01 अक्टूबर 2026।
जिला कार्यालय सभागार, हरिद्वार में गुरुवार को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के लगभग 100 आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को NPS से जुड़ी प्रक्रियाओं, अंशदान व्यवस्था तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यशाला में वरिष्ठ कोषाधिकारी हरिद्वार अजय कुमार, कोषाधिकारी ललित मोहन पांडेय तथा सहायक कोषाधिकारी (ATO) रजनीश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को NPS की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान PRAN (Permanent Retirement Account Number) से संबंधित प्रक्रियाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि यदि किसी कर्मचारी का PRAN पूर्व में ही जनरेट हो चुका है, तो ऐसी स्थिति में DDO स्तर से किस प्रकार आवश्यक कार्यवाही की जानी है। इसके साथ ही कर्मचारी एवं नियोक्ता अंशदान, CRA/NPS खाते में अंशदान के क्रेडिट तथा अंशदान के Missing Credit से संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
रिकॉर्ड के सत्यापन और अंशदान के मिलान पर जोर
कार्यशाला में NPS से संबंधित अभिलेखों के सत्यापन, कर्मचारियों के अंशदान संबंधी विवरणों के मिलान तथा लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को इस बात पर विशेष ध्यान देने को कहा गया कि NPS से संबंधित रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति अथवा अंशदान संबंधी समस्या सामने आने पर उसका समय रहते परीक्षण एवं समाधान सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विभागों से आए DDO एवं कर्मचारियों ने NPS से संबंधित व्यवहारिक समस्याओं और प्रक्रियाओं को लेकर कई प्रश्न भी रखे। विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रश्नों का समाधान करते हुए आवश्यक स्पष्टीकरण प्रदान किया गया। इससे प्रतिभागियों को अपने-अपने विभागों में NPS संबंधी कार्यों को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
समस्याओं के समाधान के लिए कोषागार में हेल्प डेस्क
NPS से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से कोषागार, हरिद्वार में हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है। इसके माध्यम से NPS, PRAN, अंशदान, CRA खाते में क्रेडिट और Missing Credit जैसे मामलों से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यशाला के समापन पर NPS से जुड़े विभागीय कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि NPS से संबंधित अभिलेखों एवं अंशदान की नियमित जांच तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण से कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।