हरिद्वार, 19 सितम्बर 2026।
लक्सर रोड स्थित होप सुपर स्पेशलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल में शुक्रवार को कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नई शुरुआत हुई। अस्पताल में आधुनिक ऑन्कोलॉजी विभाग का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विभाग में कैंसर रोगियों के लिए आधुनिक उपचार सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री विनय शंकर पांडे, आईएएस, सचिव मुख्यमंत्री एवं सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तराखंड सरकार मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल में शुरू की गई आधुनिक कैंसर उपचार सुविधाओं का जायजा लिया और इस पहल को उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत श्री रविंद्र पुरी जी महाराज ने होप हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं का उपलब्ध होना क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे मरीजों को उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो सकती है।

वहीं, सचिव मुख्यमंत्री एवं सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री विनय शंकर पांडे ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि निजी स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक कैंसर उपचार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने डॉ. एस.के. मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संस्थान को नियमानुसार हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

होप सुपर स्पेशलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल में शुरू किए गए ऑन्कोलॉजी विभाग को आधुनिक तकनीक और उपचार सुविधाओं से लैस किया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां डिजिटल लीनियर एक्सेलेरेटर और PET-CT स्कैन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य कैंसर की जांच, बीमारी के आकलन और उपचार को अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। मनोरंजन कार्यक्रम एवं डांस प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और लोगों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, कुंभ मेला अधिकारी मनीष दत्त, आश्रम के महामंडलेश्वर संतोष शरण, महाभालेश्वर सत्यानंद गिरी जी, प्रसिद्ध समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, गंगा ज्वाय के प्रचारक जोल पंडित, पूर्वांचल सभा के आशुतोष पांडे, महेश दुबे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

होप सुपर स्पेशलिटी एंड कैंसर हॉस्पिटल में ऑन्कोलॉजी विभाग की शुरुआत के साथ हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में कैंसर उपचार की आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!