MH7NEWS से बातचीत के दौरान डीएम मयूर दीक्षित ने 3 दिन का दिया था आश्वासन , श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समय से पहले पूरी कराई व्यवस्था…

हरिद्वार, 12 नवंबर 2026।
छठ पूजा के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सराहनीय कार्य किया है। गोविंद घाट पर गंगा के पानी से आ रही दुर्गंध और घाटों पर जमा रेत के बड़े-बड़े ढेर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को एमएस सेवन (MH7 News) की ओर से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित से वार्तालाप कर श्रद्धालुओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था।

एमएस सेवन की ओर से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया था कि छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना और सूर्य उपासना करते हैं। ऐसे में घाटों पर जमा रेत के ढेर और पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए तीन दिन का समय निर्धारित किया था।

तीन दिन का लक्ष्य, दूसरे ही दिन धरातल पर दिखा परिणाम
जिलाधिकारी के निर्देशों का असर अब धरातल पर साफ दिखाई देने लगा है। खास बात यह रही कि प्रशासन ने तीन दिन की निर्धारित समय-सीमा का इंतजार नहीं किया, बल्कि दूसरे ही दिन ऋषिकुल से लेकर ज्वालापुर तक के सभी संबंधित गंगा घाटों से रेत के ढेर हटवा दिए गए। इसके साथ ही घाटों पर आ रहे पानी से उठ रही दुर्गंध की समस्या के निस्तारण के लिए भी कार्रवाई की गई है, जिससे छठ पूजा की तैयारियों को लेकर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को मिली प्राथमिकता
छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व है। इस अवसर पर महिलाएं और पुरुष गंगा तट पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता, साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं बेहद महत्वपूर्ण हो जाती हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया गया है।

डीएम मयूर दीक्षित की कार्यशैली की हो रही सराहना
इस पूरे मामले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की कार्यशैली विशेष रूप से प्रशंसनीय रही। जनसमस्या को गंभीरता से सुनना, तत्काल संज्ञान लेना, संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर निर्देश देना और तय समय से पहले काम पूरा कराना प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही को दर्शाता है।

एमएस सेवन द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दे पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई यह संदेश देती है कि यदि मीडिया जनसमस्याओं को जिम्मेदारी के साथ उठाए और प्रशासन संवेदनशीलता से उनका संज्ञान ले, तो आमजन को शीघ्र राहत मिल सकती है।

एमएस सेवन की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं संबंधित प्रशासनिक टीम का सराहनीय कार्य के लिए आभार। उम्मीद है कि छठ पूजा के दौरान भी घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छ जल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालु शांतिपूर्ण और बेहतर वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!