ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस को मिली सफलता, कई दिनों से फरार चल रहा था आरोपी गजराज कश्यप
हरिद्वार, 12 नवंबर 2026।
ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने दूधियाबंद जंगल में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी गजराज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी चंडी चौक क्षेत्र से की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक लोहे का चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजली घर के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के निकट, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों ने खुलासा किया था कि 16 सितंबर की रात गंगा किनारे दूधियाबंद स्थित बिजली घर के पास खाली स्थान पर गजराज कश्यप समेत चार लोगों ने मिलकर गोपाल की चापड़ और चाकू से हत्या की थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप निवासी मोमिनपुर दरगा, थाना कोतवाली बिजनौर, उत्तर प्रदेश लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
फरार इनामी आरोपी की तलाश में जुटी कोतवाली नगर पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने 11/12 नवंबर 2026 की रात्रि चंडी चौक, हरिद्वार से आरोपी गजराज कश्यप को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से हत्या की वारदात में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- कुंदन सिंह राणा – प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर।
- वरिष्ठ उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी।
- उप निरीक्षक नवीन चौहान।
- कांस्टेबल वीरेंद्र तोमर।
- कांस्टेबल लखन सिंह।
पुलिस की इस कार्रवाई को दूधियाबंद हत्याकांड में फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के रूप में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।