हजारों दीयों से जगमगाए घाट, प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और राष्ट्र कल्याण के लिए की गई कामना, 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा कार्यक्रम…
हरिद्वार, 18 सितम्बर 2026।
तीर्थ नगरी हरिद्वार के ब्रह्मकुंड हर की पौड़ी पर बुधवार शाम भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ब्रह्मकुंड हर की पौड़ी, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा हर की पौड़ी क्षेत्र जगमगा उठा। कार्यक्रम में आम जन से लेकर जनप्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने उल्लास के साथ प्रतिभाग किया।
प्रधानमंत्री के यशस्वी भविष्य के लिए की कामना
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की आराधना करते हुए देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री का भविष्य यशस्वी हो और वे देश की अनवरत सेवा करते रहें। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रेरणा से ही आमजन की सेवा के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान आशीर्वाद के दीये से शुरू होकर 18 अक्टूबर तक चलेगा और हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनभागीदारी से और अधिक सशक्त करेगा।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेंगे ये कार्यक्रम
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद भर में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे:
- 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक – विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में “मेरा सपनों का भारत” विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं और विकसित भारत-2047 पर चित्र प्रदर्शनी।
- शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार।
- आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीकाकरण पर जागरूकता।
- “सेवा की कहानी” के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों को साझा किया जाएगा।
- “सेवा ज्योति कलश यात्रा” और “सेवा मेरा योगदान” के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान जैसे कार्यक्रम।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्य मंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, दिव्य प्रेम सेवा मिशन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।