हरिद्वार, 24 अगस्त 2026।
हरिद्वार प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार दयाशंकर वर्मा के निधन की दुखद खबर सामने आने से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से पत्रकार समुदाय ने एक सक्रिय, सहयोगी और सम्मानित साथी को खो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दयाशंकर वर्मा अपने निजी कार्य से वाराणसी गए हुए थे। शनिवार रात करीब नौ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों एवं साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान रविवार 23 अगस्त उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही हरिद्वार सहित पत्रकारिता जगत में शोक की लहर फैल गई।
दयाशंकर वर्मा हरिद्वार प्रेस क्लब की गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहयोग करते थे। प्रेस क्लब से जुड़े कार्यक्रमों और पत्रकार हितों से संबंधित गतिविधियों में उनकी सहभागिता हमेशा उल्लेखनीय रही। सहज, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण पत्रकारिता जगत में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके आकस्मिक निधन को पत्रकार समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
दयाशंकर वर्मा के निधन पर हरिद्वार प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलबाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दयाशंकर वर्मा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। वह प्रेस क्लब की गतिविधियों में सदैव सक्रिय रहते थे और अपने सहयोगी एवं सरल व्यवहार के लिए सभी के बीच सम्मानित थे। उनके निधन से पत्रकार समुदाय ने एक आत्मीय साथी खो दिया है।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दयाशंकर वर्मा का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया। उनके अंतिम संस्कार में परिजनों एवं परिचितों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
दयाशंकर वर्मा के निधन से हरिद्वार का पत्रकारिता जगत गहरे शोक में है। पत्रकारों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति।