देहरादून के बस स्टैंड से मिला 19 वर्षीय युवक, बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
रुड़की,22 October ।
कोतवाली रुड़की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुए 19 वर्षीय युवक को देहरादून के बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने रुड़की पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को रुड़की निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा बिना बताए घर से कहीं चला गया है और वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
लापता युवक की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से खोजबीन की। इसी दौरान 21 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर युवक को देहरादून के बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद परिजनों को कोतवाली बुलाकर युवक की पहचान की पुष्टि कराई गई।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। युवक के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की तत्परता के लिए धन्यवाद दिया।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
- अ0उ0नि0 आषाढ़ सिंह पंवार
- हे0कानि0 नूर हसन