सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की तत्परता से मिला बालक सुलतान, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान…

पिरान कलियर, 12 नवंबर 2026।
दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए उमड़ी भीड़ के बीच एक 9 वर्षीय मासूम बालक अपने परिवार से बिछड़ गया। बच्चे के अचानक लापता होने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाश करने के बावजूद जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने कलियर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मामले की सूचना मिलते ही थाना पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने दरगाह परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन की। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बालक के संबंध में सुराग जुटाए गए।

पुलिस की सक्रियता, सूझबूझ और लगातार प्रयासों का नतीजा रहा कि करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बालक सुलतान पुत्र मजनू को सकुशल खोज निकाला गया। बालक मूल रूप से ग्राम नन्दग्राम, जनपद गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत करने आया था।

पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। काफी देर से अपने बच्चे की तलाश में परेशान परिजनों ने जब उसे सकुशल अपने सामने देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।

इस पूरे घटनाक्रम में कलियर पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और सहायता भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पुलिस टीम में शामिल रहे:

  1. प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, थाना पिरान कलियर
  2. हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान
  3. कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह
  4. होमगार्ड अंकित कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!