हरिद्वार, 13 सितम्बर ।
कृपाल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कृपाल नगर, शिवालिक नगर, हरिद्वार में भारत विकास परिषद देवभूमि शाखा हरिद्वार की ओर से गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती कमला जोशी, बाल कल्याण समिति हरिद्वार के सदस्य श्री दिनेश कुमार शर्मा, भारत विकास परिषद देवभूमि शाखा की अध्यक्ष श्रीमती सुधा तिवारी, रेखा अग्रवाल, नितिन मिश्रा, प्रवेश गुप्ता, मधु उपाध्याय तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रंजना शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत स्वागत गान के माध्यम से किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।

नशे के दुष्परिणामों को लेकर किया जागरूक
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती कमला जोशी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा अपने भविष्य को शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उनकी गतिविधियों पर सकारात्मक रूप से ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि बच्चे किसी भी प्रकार की नकारात्मक प्रवृत्ति से दूर रह सकें।

शिक्षिकाओं और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की दो अध्यापिकाओं श्रीमती मधु ठाकुर एवं श्रीमती रेणु कुमारी को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों में सूर्या, कक्षा 10; अनन्या शर्मा, कक्षा 9; उन्नति, कक्षा 7 तथा सोनाक्षी, कक्षा 8 को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके भीतर शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद आवश्यक है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की सृष्टि राय, मोनिका मौर्य, इंदु चौहान, मधु ठाकुर, प्रियांशु, मेहनाज, शोभा, शिखा, प्रतिमा, रेनू, रितु, सरिता, स्मृति, सोनी, विवेक, निशा, सानिया, अंशिता, अंजलि, गीता, प्रियांशा एवं हरि कुमार सहित विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और संस्कारवान समाज के निर्माण का संदेश दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!