अंकिता के दोस्त और उसके परिजनों पर लगाए आरोप, बेटे पुलकित के बचाव में दी सफाई; कथित चैट को सीबीआई जांच में शामिल करने की उठाई मांग…
हरिद्वार,15 नवंबर 2026 ।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में अदालत से दोषी ठहराए जा चुके पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने अब अपने बेटे के पक्ष में सफाई देते हुए मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। रविवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ आयोजित पत्रकार वार्ता में विनोद आर्य करीब 4085 पन्नों की कथित चैट की हस्तलिखित प्रति लेकर मीडिया के सामने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि इस चैट में कई ऐसे तथ्य मौजूद हैं, जिन पर जांच एजेंसियों को गंभीरता से विचार करना चाहिए था।
पत्रकार वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की जांच में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। उनका कहना था कि उन्होंने पहले भी पुलिस और एसआईटी के समक्ष चैट के माध्यम से अपनी बात रखने का प्रयास किया था, लेकिन उनकी ओर से उठाए गए बिंदुओं को अपेक्षित गंभीरता नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनभावनाओं और दबाव के चलते उनके बेटे को सजा हुई।
विनोद आर्य ने पत्रकार वार्ता में अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता-पिता की भूमिका को लेकर भी कई सवाल उठाए। उन्होंने इन लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले के इन पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, पत्रकार वार्ता में प्रस्तुत कथित चैट और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। संबंधित पक्षों का जवाब भी इन दावों के साथ सामने नहीं आया।
मामले में किसी वीआईपी की संलिप्तता को लेकर पूछे गए सवाल पर विनोद आर्य ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में इस हत्याकांड में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। साथ ही उन्होंने अपने परिवार को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मजबूर होकर उन्हें मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखना पड़ रहा है।
विनोद आर्य ने मांग की कि उनके पास मौजूद कथित चैट को सीबीआई जांच का हिस्सा बनाया जाए, ताकि उसमें सामने आने वाले तथ्यों की निष्पक्षता से जांच हो सके। इस दौरान अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने भी उनका पक्ष रखा।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अदालत पुलकित आर्य और उसके साथियों को दोषी ठहराकर सजा सुना चुकी है। ऐसे में दोषसिद्धि और सजा के बाद विनोद आर्य की ओर से 4085 पन्नों की कथित चैट सार्वजनिक करना चर्चा का विषय बन गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रस्तुत की गई कथित चैट की प्रामाणिकता क्या है, इसमें किए गए दावों का कानूनी आधार कितना मजबूत है और क्या इन दस्तावेजों के आधार पर जांच या न्यायिक प्रक्रिया में कोई नया पहलू सामने आ सकता है।
फिलहाल विनोद आर्य की ओर से लगाए गए आरोप और प्रस्तुत की गई कथित चैट जांच तथा कानूनी परीक्षण का विषय हैं। इन दावों की वास्तविकता संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणिकता और सक्षम एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।