रुड़की,२4 अगस्त।

ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान नगला इमरती क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए दो आरोपियों को भी पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, ठेके कारोबारी अमन की हत्या के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया था।

पुलिस टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई थीं। इसी दौरान 23 अगस्त 2026 की देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती क्षेत्र की ओर जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा शुरू किया। नगला इमरती के पास पुलिस ने तीनों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा घायल हो गया।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए रुड़की अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घायल अभियुक्त से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी ली।

पूछताछ में घायल आरोपी सौरभ ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि ठेके कारोबारी अमन की हत्या तीनों आरोपियों ने मिलकर की थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए फरार दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक कांबिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगातार तलाश के बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष तथा दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अमन हत्याकांड के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्या की वजह, वारदात की पूरी साजिश और घटना में इस्तेमाल संसाधनों के संबंध में अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!