हरिद्वार में रविवार दिनांक 12 अप्रैल डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में राजा गार्डन स्थित ओलिविया स्कूल में आयोजित 13वीं जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चैंपियनशिप का समापन रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मैच खेले गए।

बालक वर्ग के फाइनल में डीएवी पब्लिक स्कूल और एंजल पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47-25 के अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में डीएवी पब्लिक स्कूल और एमडीपीएस रानीपुर के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में डीपीएस रानीपुर की टीम ने 70-20 से जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नय्यर, चेयरमैन रवि बजाज, सचिव संजय चौहान, भाजपा सह-मीडिया प्रभारी विकास तिवारी और स्कूल के प्रधानाचार्य कॉरियन एंथनी भी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और उत्साह से खेलों में ऊंचा मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूलों की कुल 25 टीमों ने भाग लिया और सभी टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता के लिए एकाग्रता और निरंतर मेहनत आवश्यक है।
इस अवसर पर लक्ष्य शर्मा, इंद्रेश गोद, अमन कुमार, कमल, प्रेम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!