रविवार दिनांक 12 को हरिद्वार में कोतवाली नगर क्षेत्र के सप्तऋषि इलाके में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बीच धारा में बने टापू पर मौजूद 21 लोग फंस गए। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे, जो नहाने के दौरान वहां पहुंच गए थे।

घटना कबीर कुटिया घाट के पास की है, जहां अचानक ऊपर से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते पानी का स्तर बढ़ा और टापू चारों तरफ से घिर गया, जिससे लोग वहीं फंस गए।

सूचना मिलते ही सप्तऋषि चौकी पुलिस, चेतक कर्मी और जल पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए बोट और आपदा राहत उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी 21 लोगों को सुरक्षित किनारे पर लाया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। सभी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव का विशेष ध्यान रखें। नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ना खतरनाक साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!