
हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में गांजे की तस्करी करते हुए एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विनोद कुमार निवासी बेहटागोकुल हरदोई यूपी हाल झुग्गी झोपड़ा माजरा चंडीघाट के कब्जे से दो किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत सोमवार रात रोड़ीबेलवाला में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पीछा कर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया।