उत्तराखंड हरिद्वार : रविवार को संत रविदास जयंती के मौके पर शोभा यात्रा के दौरान हुई हिंसा, पथराव फायरिंग में एक की मौत_पुलिस बल तैनात..

हरिद्वार – रुड़की में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर साफ कर दी है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
वीडियो में गांव की गलियों में पथराव, ताबड़तोड़ फायरिंग और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। इसी हिंसा में 20 वर्षीय आनंद की गोली लगने से मौत हो गई है।
जबकि दो अन्य घायल हो गए। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कैसे शोभायात्रा के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। गोली चलने की आवाजों से पूरा गांव दहल उठा और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
यह पूरी घटना रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में हुई। रविवार को संत रविदास जयंती के मौके पर गांव में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा के दौरान गांव में भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर शोभायात्रा में शामिल दलित समाज के दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
पथराव के बाद फायरिंग, एक की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों ओर से पथराव हुआ और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गयी। फायरिंग में एक युवक को गोली लगी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में दो अन्य युवकों के भी गोली लगने की सूचना है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग के बाद तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना
फायरिंग के बाद आक्रोशित लोगों ने गोली चलाने के आरोपी युवक के घर पर तोड़फोड़ की। घर में आगजनी की भी सूचना सामने आई है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की पुष्टि और जांच कर रही है।
एसएसपी बोले- दो पड़ोसियों का विवाद, आरोपियों की तलाश
हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने इस पूरे मामले पर बताया कि विवाद दो पड़ोसियों के बीच हुआ था, जो बाद में हिंसक हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े। पूरे इलाके पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और हर गतिविधि पर नजर है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।