हरिद्वार, आज रविवार 5 अप्रैल सुबह आस्था का केंद्र बने हरिद्वार में एक दुखद और दर्दनाक हादसे ने खुशी को मातम में बदल दिया। गंगा स्नान के दौरान दो पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले थे और अपने परिवारों के साथ धार्मिक यात्रा पर आए थे।
मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (उम्र 43 वर्ष) निवासी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (उम्र 39 वर्ष) निवासी राजनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और शनिवार देर रात बस से हरिद्वार पहुंचे थे। रविवार तड़के वे गंगा स्नान के लिए कोतवाली क्षेत्र के दूधिया बंध रोड़ीबेलवाला क्षेत्र वाले इलाके में गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में बह गए। मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने शोर मचाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही 112 के माध्यम से पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पहले घाट हुआ करता था, लेकिन अब मिट्टी भराव के कारण उसका स्वरूप बदल चुका है। आगे का क्षेत्र अचानक गहरा और बेहद खतरनाक हो गया है, जिसका अंदाजा दोनों युवक नहीं लग सके ।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि गंगा जैसे तीव्र बहाव वाले नदी क्षेत्रों में स्नान करते समय अत्यधिक सावधानी बरतना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!