हरिद्वार। 13 अप्रैल 2026
हरिद्वार: मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी महिला कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन जारी है। जिला अधिकारी हरिद्वार के कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारी धरने पर बैठी हैं और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रही हैं।
धरने पर बैठी वरिष्ठ आंगनबाड़ी कर्मचारी ने कहा, “हमारी पहली और आखिरी मांग मानदेय वृद्धि है। हमें सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए। इतनी महंगाई में 9,300 रुपये में गुजारा संभव नहीं है, और अब 1 अप्रैल से 300 रुपये की कटौती के बाद यह राशि 9,000 रह गई है। इतने कम पैसे में परिवार चलाना बेहद कठिन है।”
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वे मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी वजह से उन्हें धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा।
वहीं, इस मामले में नायब तहसीलदार प्रताप सिंह ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया और कहा कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और जल्द ही उचित समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन के बावजूद कर्मचारी अपनी मांगों पर अडिग हैं और उन्होंने साफ किया है कि जब तक मानदेय वृद्धि पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका धरना जारी रहेगा।