हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में शुक्रवार को आयोजित बैठक में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार और विभाग पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, इसके लिए संबंधित पत्रकार को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

बैठक के दौरान अपर निदेशक ने मीडिया कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने बताया कि पत्रकार मान्यता नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और इसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही मृतक पत्रकारों के परिवारों को आर्थिक सहायता से जुड़े सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है, तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पत्रकार को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

अपर निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में उठाए गए मुद्दों- जैसे चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, मान्यता प्रक्रिया में तेजी, कम ब्याज पर ऋण, राज्य अतिथि गृह में आरक्षण, बच्चों की उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे आरक्षण की पुनः बहाली और टोल में छूट- पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निपटाया जाएगा।

इस दौरान यह भी जानकारी दी गई कि कुमाऊं द्वार, हल्द्वानी में आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!