देहरादून। उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद अब सरकार ने संगठन और शासन के बीच तालमेल मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में धामी सरकार ने शुक्रवार को 14 नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
गृह एवं गोपन सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं को उनकी विशेषज्ञता और अनुभव के आधार पर दायित्व दिए गए हैं।
देहरादून के कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में स्थान मिला है। चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में शामिल किया गया है।
इसके अलावा देहरादून की चारू कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में, चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में और टिहरी के खेम सिंह चौहान को ओबीसी आयोग कल्याण परिषद में जिम्मेदारी सौंपी गई है। टिहरी की सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में नियुक्त किया गया है।
अल्मोड़ा के गोविंद पिलखावात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में स्थान दिया गया है, जबकि देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में जिम्मेदारी मिली है। काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इनसे अलग वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने-अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और राज्य के विकास में योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!