उत्तराखंड ऋषिकेश के लक्कड़घाट क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम ने एक दुकान पर अचानक छापेमारी की। कार्यवाही के दौरान दुकान के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मिलने मिले। जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुकान में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का भारी भंडारण किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर काले बाजार में सप्लाई किया जा रहा था या बिना सुरक्षा मानकों के रखा गया था, जिससे किसी भी समय कोई भी बड़ा विस्फोट हो सकता था।
छापेमारी की खबर मिलते ही आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने आशंका जताई कि यदि आग या रिसाव की घटना हो जाती, तो पूरा इलाका चपेट में आ सकता था। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पुलिस बल और अन्य विभागों की टीमें भी पहुंच गईं और क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इतने अधिक सिलेंडर वहां कैसे और किस अनुमति से रखे गए थे। यदि अवैध भंडारण की पुष्टि होती है, तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस प्रकार ज्वलनशील सामग्री का भंडारण बेहद खतरनाक है और इससे सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध गैस कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed