मेरठ से एक अनोखा और चर्चित मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। यहां एक महिला ने तलाक के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ रोड शो निकालकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाया, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रणिता शर्मा और सेना में तैनात मेजर गौरव अग्रनिहोत्री की शादी साल 2018 में हुई थी। करीब सात साल तक साथ रहने के बाद दोनों ने आपसी सहमति से 4 अप्रैल को तलाक ले लिया। तलाक के तुरंत बाद प्रणिता का ढोल की धुन पर नाचते हुए वीडियो सामने आया, जिसने इस पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया।
वीडियो के वायरल होते ही मेजर गौरव के परिवार ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि तलाक के दौरान दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था कि वे एक-दूसरे की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, लेकिन इस तरह का सार्वजनिक जश्न उस समझौते का उल्लंघन है।
वहीं दूसरी ओर, प्रणिता शर्मा और उनके परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने शादी के दौरान लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेली, जिसके बाद तलाक का फैसला लिया गया। उनके मुताबिक, यह जश्न किसी की छवि खराब करने के लिए नहीं बल्कि एक कठिन दौर से निकलकर नई शुरुआत का प्रतीक है।
यह मामला अब सोशल मीडिया पर दो पक्षो में बंट चुका है। एक पक्ष इसे महिला की आज़ादी और नई जिंदगी की शुरुआत का साहसिक कदम बता रहा है, तो वहीं दूसरा पक्ष इसे एक संवेदनशील मुद्दे पर असंवेदनशील प्रतिक्रिया मान रहा है।
फिलहाल, यह घटना समाज में रिश्तों, निजी फैसलों और उनकी सार्वजनिक अभिव्यक्ति को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रही है