
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के देघाट क्षेत्र में आज रविवार 29 मार्च दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिन्तोली गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिसमें सवार चार युवक ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही देघाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से ट्रॉली में फंसे युवकों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दर्शन सिंह (24 वर्ष) और चंदन सिंह (24 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गोपाल सिंह (24 वर्ष) और नरेंद्र सिंह (18 वर्ष) की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही गांव चिन्तौली के निवासी थे, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ दो युवाओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
देघाट पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, खराब सड़क या तकनीकी खामी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहनों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।