हरिद्वार: आज मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को आगामी कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों को तेजी से पूरा करने में जुटा मेला प्रशासन अब व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में पूरी ताकत लगा रहा है।
तैयारियों को गति देते हुए मेला प्रशासन ने कुम्भ क्षेत्र की प्रमुख सड़कों, चौराहों, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को समय रहते चाक-चौबंद करने की व्यापक मुहिम शुरू कर दी है।


इसी क्रम में मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुम्भ नगरी की प्रमुख सड़कों, पार्किंग, बस व रेलवे स्टेशनों सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक कार्यों का आंकलन कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण की शुरुआत हर की पौड़ी से की गई। इसके बाद पुल जटवारा, बहरादराबाद, कांवर पटरी मार्ग होते हुए बाईपास रोड तक प्रमुख मार्गों, चौराहों और पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इसके अलावा ज्वालापुर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, सर्वानंद घाट और लांजीवाला क्षेत्र के आंतरिक मार्गों सहित शहर के प्रमुख बस स्टैंड, रेडियो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी निरीक्षण किया गया।

मेला अधिकारी ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों और पूरी कांवर पटरी पर चल रहे कार्यों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है, ताकि कुम्भ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!