
महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए हरिद्वार पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है।
लक्सर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को निवासी ग्राम मानपुर थाना भावनपुर, जनपद मेरठ हाल निवासी भोगपुर लक्सर ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पप्पू पुत्र वंश निवासी ग्राम भोगपुर, उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया।
तहरीर के आधार पर लक्सर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़िता की बरामदगी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों और मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई। लगातार सघन तलाश, सुराग और तकनीकी सहायता के आधार पर 3 अप्रैल शुक्रवार को आरोपी को रुड़की क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।