देहरादून : कांग्रेस पार्टी के ‘राजभवन घेराव’ कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हल्द्वानी की पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेत्री राधा आर्या ने महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी पर सार्वजनिक रूप से जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियाँ करने का गंभीर आरोप लगाया है।

राधा आर्या ने कोतवाली हल्द्वानी में एस पी सिटी को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 16 फरवरी को देहरादून स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें कथित रूप से “औकात” और “झाड़” जैसे शब्दों से सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस और मानसिक आघात पहुँचा।
राधा आर्या ने आरोप लगाया है कि यह कृत्य जाति के आधार पर जानबूझकर सार्वजनिक अपमान की श्रेणी में आता है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस के भीतर बढ़ी अंदरूनी खींचतान
मामले ने कांग्रेस संगठन के भीतर अनुशासन और आंतरिक समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस और पार्टी नेतृत्व इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं।
मामले में हल्द्वानी कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी से बात हुई उन्होंने कहा कि ऐसी तो कोई बात नहीं है सिर्फ हल्की-फुल्की बात हुई थी। वहीं नैनीताल कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छीमवाल का कहना है कि ये परिवार का मामला है आपस में बैठकर बात हो जाएगी। जो भी गिले शिकवे हैं उनको बातचीत से दूर कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *