तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, वारदात के बाद यूपी की ओर फरार; पुरानी रंजिश की आशंका…
लक्सर/हरिद्वार,23 नवंबर ।
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे यूपी के दादूपुर गांव में सोमवार शाम सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह हमलावरों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस खूनी वारदात में 60 वर्षीय मुख्तार सिंह और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे तीन बाइकों पर सवार छह युवक दादूपुर गांव पहुंचे और घर में घुसकर मुख्तार सिंह तथा उनके बेटे सुखविंदर सिंह को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले।

उत्तराखंड और यूपी पुलिस में समन्वय, मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलने पर उत्तराखंड के खानपुर थाना पुलिस, लक्सर क्षेत्राधिकारी और एसपी देहात अजय प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। चूंकि वारदात उत्तर प्रदेश के पुरकाजी थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए यूपी पुलिस को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई के लिए समन्वय स्थापित किया गया। पुरकाजी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

एसपी देहात बोले- यूपी पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा
मौके पर पहुंचे एसपी देहात अजय प्रताप सिंह ने बताया कि दादूपुर गांव में शाम करीब साढ़े छह बजे दो लोगों को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार घटना इसी समय की है, जबकि उत्तराखंड पुलिस को इसकी सूचना करीब साढ़े सात बजे प्राप्त हुई।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही खानपुर थाना अध्यक्ष, लक्सर क्षेत्राधिकारी और वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा होने के कारण दोनों प्रदेशों की पुलिस के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को उत्तराखंड पुलिस की ओर से जिस भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, वह पूरा सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

पुरानी रंजिश के एंगल से जांच, हमलावरों की तलाश तेज
प्रारंभिक जांच में डबल मर्डर के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने, उनके भागने के रास्तों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। तीन बाइकों पर सवार छह हमलावरों द्वारा घर में घुसकर पिता-पुत्र की हत्या किए जाने से सीमावर्ती क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान सामने आ सकेगी।