लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने कसी कमर, 1,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ जल पुलिस, पीएसी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी संभालेंगे मोर्चा
हरिद्वार, 23 नवंबर 2026।
धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार कर लिया है। हरकी पैड़ी सहित गंगा के प्रमुख घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

शनिवार को ऋषिकुल स्थित ऑडिटोरियम में एसपी सिटी दीपक कुमार एवं एसपी देहात अभय कुमार ने अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्नान पर्व में नियुक्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि स्नान पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अचानक बढ़ने वाली भीड़ पर रहेगी विशेष नजर
पिछले स्नान पर्वों के अनुभव को देखते हुए अधिकारियों ने आशंका जताई कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ सकती है। ऐसे में सभी जोनल और सेक्टर प्रभारियों को पहले से वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तैयार रखने और भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी सादे कपड़ों में पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की समय रहते पहचान की जा सके।

गंगा घाटों पर जल पुलिस तैनात, CCTV से होगी निगरानी
स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए गंगा घाटों पर जल पुलिस की पांच टीमें और एक फ्लड टीम तैनात रहेगी। वहीं, पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें हरकी पैड़ी, संवेदनशील घाटों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अपर रोड सहित प्रमुख स्थानों पर लगातार चेकिंग करेंगी।

भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। अधिकारियों ने घाटों पर पर्याप्त रस्से और बैरिकेडिंग की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान, भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित
स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। स्नान अवधि में जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित किसी भी सड़क पर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग न होने दी जाए और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाए।
वहीं, मनसा देवी और चंडी देवी मार्ग पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला घाटों और हरकी पैड़ी पर विशेष सतर्कता
महिला घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि स्नान के लिए श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से घाटों पर न रुकने दिया जाए। स्नान के बाद उन्हें लगातार घाटों से बाहर निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाए।
इसके अलावा घाटों पर रात में सो रहे श्रद्धालुओं को सुबह 2 बजे से जगाकर घाट खाली कराने की जिम्मेदारी भी ड्यूटी प्रभारियों को सौंपी गई है, ताकि स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पर्याप्त स्थान मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। प्रत्येक पाली 12 घंटे की होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने प्रतिस्थानी के ड्यूटी पर पहुंचने से पहले अपना स्थान नहीं छोड़ेगा। ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल का इस्तेमाल न करने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था में इतनी फोर्स रहेगी तैनात
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा बल तैनात किया है। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक से लेकर आरक्षी स्तर तक के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।
- अपर पुलिस अधीक्षक – 02
- पुलिस उपाधीक्षक – 10
- निरीक्षक/थानाध्यक्ष/वरिष्ठ उपनिरीक्षक – 16
- उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक – 85
- महिला उपनिरीक्षक/महिला अपर उपनिरीक्षक – 09
- मुख्य आरक्षी/आरक्षी – 163
- महिला आरक्षी – 50
- टीआई – 02
- टीएसआई – 13
- हेड कांस्टेबल टीपी/कांस्टेबल टीपी – 12
- अभिसूचना इकाई – 16 कर्मचारी
- बीडीएस/डॉग स्क्वायड – 01 टीम
- फायर यूनिट – 05 टीमें मय उपकरण
- जल पुलिस – 05 टीमें एवं 01 फ्लड टीम
- पीएसी – 04 कंपनी एवं 01 प्लाटून
- टियर गैस स्क्वायड – 01
- प्रिजन वैन – 04
अधिकारियों ने दिए स्पष्ट निर्देश
ब्रीफिंग के दौरान सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर प्रभारियों के साथ प्रशासनिक सेक्टर मजिस्ट्रेट को आपसी समन्वय बनाए रखने और महत्वपूर्ण सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए निर्धारित एसओपी की जानकारी प्रत्येक पुलिसकर्मी को रखने को कहा गया।
हरिद्वार पुलिस का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा सकें।