हरिद्वार, 23 नवंबर।
भाजपा की कार्यसमिति बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने राजनाथ सिंह के बयान को ‘झूठ का पुलिंदा और जुमलेबाजी’ करार देते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता 65 सीटें जीतने के दावे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की जनता सरकार से नाराज है और बदलाव का मन बना चुकी है।

हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा की कार्यसमिति बैठक में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के प्रति संवेदना के दो शब्द तक नहीं कहे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने बैठक में केवल राजनीतिक बयानबाजी की, जबकि उत्तराखंड के विकास, बेरोजगारी, पलायन और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर रक्षा मंत्री की चुप्पी को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, अग्निवीर योजना और बेरोजगारी पर भी सरकार को घेरा

आलोक शर्मा ने भाजपा के 65 सीटें जीतने के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि राजस्थान जिला परिषद चुनाव के नतीजों में जनता की नाराजगी सामने आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भी भाजपा की विदाई तय है और इस बार पार्टी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी।

राष्ट्र सुरक्षा के दावों पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार की राष्ट्र सुरक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता राष्ट्र प्रथम की बात तो करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने चीन की भारतीय सीमाओं में घुसपैठ, जम्मू-कश्मीर में शहीद जवानों के सम्मान और अमेरिका से भारतीय नागरिकों को हथकड़ियां लगाकर वापस भेजे जाने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने केंद्र सरकार पर देश को कर्ज में डुबोने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों पर जनता को जवाब नहीं देने का आरोप लगाया।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर भाजपा को घेरा
कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी सुरभी द्विवेदी ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मामले ने प्रदेश की महिलाओं और आम जनता का सरकार से भरोसा कमजोर किया है। महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि तक नहीं दी और भाजपा महिला मोर्चा ने भी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कभी प्रभावी आवाज नहीं उठाई। सुरभी द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस लगातार अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि सरकार पर आरोपितों को संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।

अग्निवीर योजना और बेरोजगारी पर भी सरकार को घेरा
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना उत्तराखंड के युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रही है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण प्रदेश के युवा पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने युवाओं के भविष्य और रोजगार के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा।

पत्रकार वार्ता में मनोज सैनी, सोम त्यागी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, उत्कर्ष वालिया, जयंत जोशी, लक्ष्य चौहान, अबरार अली, अभय आरिफ, गौरव चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास, महिला सुरक्षा, रोजगार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का दावा भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!