रुड़की,13 नवंबर ।

आईआईटी रुड़की परिसर से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां गोविंद भवन में रहने वाले करीब 20 वर्षीय छात्र का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद संस्थान परिसर में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की पुलिस को सूचना दी कि गोविंद भवन में एक छात्र ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस टीम जब गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर BS-10 में पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयासों के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। कमरे के अंदर छात्र चादर के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला।

मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20 वर्ष), पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी 410 बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

घटनास्थल पर मौजूद आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया। चिकित्सक के अनुसार, छात्र की मृत्यु लगभग 5 से 6 घंटे पूर्व होने का अनुमान है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे की जांच के दौरान लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर आवश्यक निरीक्षण किया। वहीं, घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।

पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। देर रात होने के कारण परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📍 स्थान: आईआईटी रुड़की, हरिद्वार

#IITRoorkee #RoorkeeNews #HaridwarNews #UttarakhandNews #BreakingNews #PoliceInvestigation #MH7News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!