डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और योगगुरु बाबा रामदेव सहित देश-विदेश की नामचीन हस्तियां रहीं मौजूद, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्वर्ण पदक भी पा चुके हैं सचिन पालीवाल

हरिद्वार,31अक्टूबर ।

हरिद्वार के युवा पत्रकार एवं साहित्यकार सचिन पालीवाल ने साहित्य जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। लेखक गांव, थानों में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं कला महोत्सव-2026 के भव्य मंच पर उनके श्रृंगार रस से सजे काव्य संकलन ‘तू हीर मेरी’ का विमोचन किया गया।

इस गौरवशाली अवसर पर भारत के पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रख्यात साहित्यकार डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, योगगुरु बाबा रामदेव, लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक, प्रसिद्ध हास्य कवि एवं साहित्यकार अशोक चक्रधर और लंदन के प्रवासी साहित्यकार तेजेंद्र शर्मा सहित देश-विदेश की अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में हरिद्वार से चेतना पथ के संपादक अरुण कुमार पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। मंच पर दिग्गज साहित्यकारों के बीच अपनी पुस्तक का विमोचन होना सचिन पालीवाल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस अवसर पर सचिन पालीवाल ने बताया कि उनकी एक अन्य पुस्तक भी प्रकाशन की प्रक्रिया में है, जो जल्द ही पाठकों के बीच उपलब्ध होगी।

गौरतलब है कि सचिन पालीवाल की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमता। कुछ ही दिन पूर्व उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में पत्रकारिता विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर उन्हें तत्कालीन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था।

पत्रकारिता से साहित्य तक अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे सचिन पालीवाल की इस उपलब्धि को हरिद्वार के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी पुस्तक ‘तू हीर मेरी’ का विमोचन युवा प्रतिभाओं के साहित्यिक सफर में एक नई प्रेरणा के रूप में सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!