हरिद्वार, 26 अगस्त 2026।
हरित पर्यावरण और स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लोक कल्याण सेवा ट्रस्ट द्वारा मंगलवार को कनखल स्थित दरिद्र भंजन मंदिर परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था ने औषधीय, फलदार एवं विभिन्न प्रजातियों के फूलों वाले पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह पौधारोपण अभियान ट्रस्ट की अध्यक्ष एडवोकेट प्राची गुप्ता के नेतृत्व में चल रहे “हरित हरिद्वार अभियान” का हिस्सा है। संस्था द्वारा लगातार सरकारी अस्पतालों, विद्यालयों, मंदिरों, पार्कों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के परिसरों में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शास्त्री ने लोक कल्याण सेवा ट्रस्ट के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में पौधारोपण करना अत्यंत पुण्य एवं जनकल्याण का कार्य है। उन्होंने संस्था से भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
ट्रस्ट की अध्यक्ष एडवोकेट प्राची गुप्ता ने कहा कि हरिद्वार को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास उपलब्ध खाली स्थानों, पार्कों एवं मैदानों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि हरित हरिद्वार अभियान के अंतर्गत संस्था निरंतर जनजागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी से भी वार्ता की गई, जिन्होंने लोक कल्याण सेवा ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे पर्यावरणीय कार्यों की सराहना करते हुए अभियान की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार शास्त्री, एडवोकेट प्राची गुप्ता, रश्मि अग्रवाल, विमला कांडपाल, मोहित कांडपाल, रेखा उपाध्याय, आशीष गुप्ता सहित मंदिर के अन्य पुजारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का सामूहिक संकल्प भी लिया।