हरिद्वार, 25 अगस्त 2026।
कुंभ मेला 2027 के भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों ने अब तेजी पकड़ ली है। हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थायी और अस्थायी प्रकृति की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। मंडलायुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में 57 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया।
27 प्रस्तावों पर हुआ मंथन, श्रद्धालु सुविधाओं को प्राथमिकता
सोमवार को सीसीआर सभागार में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के 27 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें संपर्क मार्गों के सुधार, घाटों के निर्माण एवं अनुरक्षण, अस्थायी पैदल पुल, अस्थायी बस अड्डे, पार्किंग स्थल, साइनेज, टेंट सिटी तथा पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के लिए बैरक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में शासन के निर्धारित मानकों और तकनीकी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन होना चाहिए।


कुंभ नगरी की थीम और सौंदर्यीकरण में दिखेगी एकरूपता
मंडलायुक्त ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और आध्यात्मिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए कुंभ क्षेत्र में होने वाले अवसंरचना विकास, सौंदर्यीकरण और साइनेज के कार्यों में कलर स्कीम और थीम की एकरूपता बनाए रखी जाए। उद्देश्य यह है कि कुंभ नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ एक व्यवस्थित और आकर्षक वातावरण भी उपलब्ध हो।
भूपतवाला सीएचसी में बढ़ेगी सुविधाएं
बैठक में भूपतवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के अनुरक्षण तथा उसकी शैय्या क्षमता बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव को शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों की मरम्मत और सुधार से जुड़े पूर्व स्वीकृत प्रस्तावों की लागत में संशोधन को भी मंजूरी प्रदान की गई।
मंडलायुक्त ने भवनों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि पहले से निर्मित भवनों की ऊपरी मंजिलों पर कोई नया निर्माण करने से पहले भवन की संरचनात्मक क्षमता और उपयुक्तता का अनिवार्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
मेलाधिकारी ने बताई तैयारियों की प्रगति
बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला 2027 के लिए चल रहे निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं की जानकारी समिति के समक्ष रखी। उन्होंने सड़कों, पार्किंग, बस अड्डों तथा विभिन्न स्थायी और अस्थायी परियोजनाओं की आवश्यकता एवं औचित्य से अधिकारियों को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि कुंभ से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय सिंह, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीपी सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई मनोज कुमार सिंह, गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हरिद्वार के अलावा देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
बैठक के बाद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे मंडलायुक्त
उच्च स्तरीय समिति की बैठक के बाद मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यूआईआईडीबी की विभिन्न परियोजनाओं और अन्य निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति देखी और अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला शुरू होने से पहले सभी परियोजनाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, जिससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रोड़ी बेलवाला के घाटों का भी किया निरीक्षण
मंडलायुक्त ने अधिकारियों की टीम के साथ रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में यूआईआईडीबी द्वारा वित्तपोषित पुनर्विकास योजना के तहत कराए जा रहे घाटों के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
एडमिन रोड और चंडी चौक सर्विस लेन का लिया जायजा
मंडलायुक्त ने एडमिन रोड परियोजना का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा चंडी चौक की सर्विस लेन के चौड़ीकरण के लिए एनएचएआई द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली।
उन्होंने मायापुर स्कैप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए उसकी प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न स्थलों पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े प्रत्येक निर्माण में तकनीकी मानकों और निर्धारित गुणवत्ता का सख्ती से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला 2027 केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि हरिद्वार की व्यवस्थाओं और अवस्थापना क्षमता की भी बड़ी परीक्षा है। इसलिए सभी परियोजनाओं को पूरी गति से आगे बढ़ाते हुए समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि कुंभ से पहले तैयार होने वाली सड़कें, घाट, पार्किंग, पुल, बस अड्डे, साइनेज और अन्य सुविधाएं आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।