शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए सत्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें: धर्मेंद्र चौधरी

हरिद्वार,16 अगस्त 2026।
हरिद्वार प्रेस क्लब में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान और वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से प्रेस क्लब परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में पत्रकारों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकारों ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, बलिदान और देश निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों में भी अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने से इनकार किया और राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनके बलिदान और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने राष्ट्रीय और सामाजिक दायित्वों को याद करने का दिन भी है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म समाज को जागरूक करना, जनहित के मुद्दों को सामने लाना और लोकतंत्र को मजबूत करना है। पत्रकारों को शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए सत्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को अपनी कलम की ताकत का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करना चाहिए।

प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज है और पत्रकारों को जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी एवं सुनील दत्त पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी वजह से आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता की भावना को केवल राष्ट्रीय पर्व तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन के कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और सामाजिक सरोकारों में भी उतारना चाहिए। देश की प्रगति के लिए नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा से योगदान देना होगा।

कार्यक्रम में गुलशन नय्यर, बालकृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, अविक्षित रमन, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र ठाकुर, राधिका नागरथ, कुलभूषण शर्मा, अमित गुप्ता, विजेंद्र हर्ष, काशीराम सैनी, रामचंद्र कनौजिया, त्रिलोकचंद भट्ट, ललितेंद्र नाथ, सुभाष कपिल, गोपाल पटवर, दीपक नौटियाल, अमित शर्मा, राजेश शर्मा, सतीश गुजराल, जयपाल सिंह, संजीव शर्मा, रत्नमणि डोबाल, महताब आलम, गीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पत्रकार एवं सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों को मिठाई वितरित की गई। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!