हरिद्वार,15 अगस्त 2026।
जनपद हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देश स्वतंत्रता का यह गौरवपूर्ण दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के सपनों को साकार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करना चाहिए।

अंतिम छोर तक पहुंचे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर निवास करने वाले पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं एवं कार्यों को लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी और पटल सहायक उनकी समस्याओं का बिना किसी भेदभाव, स्वार्थ अथवा अनावश्यक विलंब के तत्परता से निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, श्रीमती सुनीता त्रिपाठी तथा श्रीमती सरिता नेगी पंवार (सेवानिवृत्त विंग कमांडर) शामिल रहे। वहीं राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत एवं जसवंत सिंह बिष्ट को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके संघर्ष, त्याग और योगदान को कृतज्ञतापूर्वक याद किया।

कांवड़ मेले में साहसिक रेस्क्यू के लिए सूबेदार कुलविंदर सिंह सम्मानित
कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को भी जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके साहस, तत्परता और मानवीय सेवा की सराहना की गई।

छात्राओं ने दी देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति
समारोह में आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। छात्राओं की प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश, कलेक्ट्रेट परिसर में रोपे 100 पौधे
स्वतंत्रता दिवस को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन से जोड़ते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन विभाग एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से कलेक्ट्रेट परिसर में चंदन एवं गुलमोहर के 100 पौधे रोपे गए।

पौधरोपण के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कैंप कार्यालय में भी किया ध्वजारोहण
मुख्य समारोह से पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

समारोह का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन, राज्य आंदोलनकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जहां देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, वहीं जनसेवा, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!