शिवालिक नगर,हरिद्वार,15 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त 2026 को सामुदायिक केन्द्र समिति शिवालिक नगर (रजि.) की ओर से सामुदायिक केन्द्र फेस-3, शिवालिक नगर में “एक शाम शहीदों के नाम” समारोह का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं कविताओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया गया। समारोह में शिवालिक नगर के सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक केन्द्र समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भारत माता और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद हर्षिता ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह का वातावरण भक्तिमय बना दिया।

शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : डॉ. जयपाल चौहान
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझने के साथ-साथ बच्चों को देशभक्ति और उत्तम संस्कार देने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझ सके।

बच्चों को शहीदों के जीवन से परिचित कराना जरूरी : आदेश चौहान
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को देश के अमर शहीदों के जीवन, संघर्ष और बलिदान की जानकारी देना बेहद आवश्यक है। इससे उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होगी और वे देश के प्रति अपने कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

विधायक ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों से देश के अमर शहीदों से संबंधित प्रश्न भी पूछे। सही उत्तर देने वाले दो बच्चों को पुरस्कार स्वरूप धनराशि देकर प्रोत्साहित किया गया। इस पहल से बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में नंदनी डांस एकेडमी, महिला शक्ति, प्रभु पब्लिक स्कूल, ASK ग्रुप एवं राजकुमारी डांस ग्रुप के बच्चों सहित आदया, अनवी, भाग्य, गर्विता, आराना, शिवांगी और विशेष बालिका नीति सैनी ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

वहीं आरव मेहता, कुसुमाकर पंत, योगेश गुप्ता, राजकुमारी, पूजा अरोड़ा एवं सुभाष मलिक ने देशभक्ति कविताओं का पाठ कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा एवं ओ.पी. चौहान ने समारोह की सराहना करते हुए उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समिति ने अतिथियों और प्रतिभागियों का किया सम्मान
सामुदायिक केन्द्र समिति के सचिव भारत भूषण चौहान ने सभी अतिथियों, शिवालिक नगर के निवासियों तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों, प्रतिभागी बच्चों एवं कवियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को सफल बनाने में समिति के राकेश शर्मा, शरत चन्द्र, अवधेश शर्मा, नेपाल गुप्ता, सर्वेश रानी चौहान, रविन्द्र कुमार चौहान एवं जयओम गुप्ता का विशेष योगदान रहा।

राष्ट्रगान के साथ हुआ भावपूर्ण समापन
समारोह की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष उमेश कुमार शर्मा ने की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों, नागरिकों, प्रतिभागियों एवं मातृशक्ति का कार्यक्रम में सहभागिता और आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह के सफल समापन की घोषणा की।

समापन से पूर्व सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन समिति सदस्य प्रवीण कपिल ने किया।

समारोह में मुख्य रूप से सभासद पंकज चौहान, वीरेंद्र अवस्थी, हरि ओम चौहान, मंदिर समिति से अनिल माथुर, शशिभूषण पांडे, के.पी. सिंह, एल.एस. रावत, अशोक मेहता, उपेन्द्र शर्मा, विमल चंद्रा, एस.पी. मौर्य, अनिल शर्मा, ब्रजपाल सैनी, अनिता वर्मा, रेखा सिंघल सहित शिवालिक नगर के सैकड़ों निवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने सामुदायिक केन्द्र समिति के इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम, शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!