हरिद्वार, 25 जून
आगामी कुंभ मेले और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजनाओं की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में चल रहे सभी राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।

एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग तथा प्रमुख चौराहों के सुधार से संबंधित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर संसाधन और मशीनरी बढ़ाने के साथ निर्माण सामग्री के परिवहन हेतु अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण हरिद्वार को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने परियोजना निदेशकों को स्वयं निगरानी कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सोनिका ने विशेष रूप से जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे एनएच परियोजना कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्माण कार्यों के कारण यदि यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी सुरक्षा प्रबंध और ट्रैफिक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, सौंदर्यीकरण एवं हरित आवरण बढ़ाने तथा पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!