हरिद्वार,15 जून ।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “झूठ का पुलिंदा” करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिन 12 वर्षों को विकास, विश्वास और जनकल्याण का काल बता रही है, वास्तव में वह बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक बदहाली और विदेश नीति की विफलताओं का दौर रहा है।
हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है, पेपर लीक जैसे घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, जबकि किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश पर कर्ज कई गुना बढ़ गया है और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का “अडाणीकरण” कर दिया गया है तथा नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग जनता का पैसा लेकर विदेश भाग गए। शर्मा ने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार बताए कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दर्जनों सार्वजनिक संस्थानों को निजी हाथों में सौंप दिया।
विदेश नीति पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को किसी भी देश का खुला समर्थन नहीं मिला और सरकार अमेरिका के सामने सवाल पूछने तक का साहस नहीं जुटा पा रही है। चीन के साथ बढ़ते व्यापार और सीमा विवादों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा।
आलोक शर्मा ने कहा कि देश में सामाजिक समरसता कमजोर हुई है और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। उन्होंने कहा कि देश केवल धार्मिक भावनाओं से नहीं, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक सौहार्द और प्रभावी विदेश नीति से आगे बढ़ता है।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के लिए आवंटित बजट का बहुत कम हिस्सा खर्च किया गया, जिससे युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, राजबीर चौहान, रवीश भटीजा, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, मोहन राणा, सार्थक ठाकुर, सागर बेनीवाल और विशाल प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।