हरिद्वार,15 जून ।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और लगातार आ रहे वाहनों के बीच हरिद्वार पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभाले हुए है।

एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि रात करीब 12 बजे से ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मैदान में सक्रिय है। श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है, जिसके चलते पार्किंग स्थलों को चरणबद्ध तरीके से भरने के बाद नए वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग में भेजा जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एएसपी, सीओ, थाना प्रभारियों, पीएसी, सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस के जवानों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसएसपी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि हरिद्वार के स्थानीय नागरिकों को ट्रैफिक प्रतिबंधों से कम से कम परेशानी हो। हालांकि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव स्वाभाविक है। चंद्राचार्य चौक और सिंहद्वार जैसे प्रमुख चौराहों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, जहां पुलिस दोनों ओर के यातायात को बारी-बारी से संचालित कर रही है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देश उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए हैं, इसलिए उनका पालन करें। धर्मनगरी की गरिमा बनाए रखें, गंगा और घाटों को स्वच्छ रखें तथा किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अव्यवस्था से बचें।

एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या सार्वजनिक शांति में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी के सहयोग से स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!