हरिद्वार, 14 जून ।
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व से पहले ही आज रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में भारी भीड़ के चलते शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। श्रद्धालुओं, चारधाम यात्रा के यात्रियों और विभिन्न परीक्षाओं के अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं सड़क पर उतरे और यातायात संचालन की कमान संभाली। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहकर जाम खुलवाने में जुटी रहीं।

आज रविवार को चारधाम यात्रा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। वहीं यूकेएसएसएससी (UKSSSC ) परीक्षा के कारण भी परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की आवाजाही बढ़ी, जिससे शहर में वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया।

विशेषतः टिबड़ी फाटक, भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, ऋषिकुल चौक, परशुराम चौक तथा हाईवे के विभिन्न हिस्सों में लंबा जाम लगा रहा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि अत्यंत आवश्यक कार्य न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। सोमवती अमावस्या स्नान को देखते हुए सोमवार को भी भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस और प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!