हरिद्वार, 28 मई।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इन 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के माध्यम से मातृशक्ति को सम्मान और मजबूती मिली। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों माताओं-बहनों को गैस कनेक्शन और सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। स्वच्छ भारत मिशन के जरिए पूरे देश में स्वच्छता का संदेश पहुंचा तथा गांव और शहरों में घर-घर शौचालय निर्माण कर स्वच्छ भारत का सपना साकार किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के घर मिले और देश डिजिटल इंडिया की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा। सुनील सैनी ने कहा कि जो कभी अकल्पनीय माना जाता था, वह भी प्रधानमंत्री मोदी जी के कुशल नेतृत्व में संभव हुआ। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया गया तथा आज कश्मीर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में दिव्य और भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, जो करोड़ों देशवासियों की आस्था का प्रतीक है। साथ ही देशभर में सड़कों का जाल बिछाया गया है, जिससे कश्मीर से कन्याकुमारी तक सुगम और आधुनिक यात्रा संभव हो पाई है।
राज्य मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 देश और युवाओं के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं और अनेक पौराणिक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया गया है।
सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जनता से किया हर वादा पूरा किया है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का 12 वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश को आने वाले अनेक वर्षों तक प्रधानमंत्री मोदी जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहे।