सिडकुल,14 मई 2026।
हरिद्वार में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में अवैध गतिविधियों और वाहन चोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।

आज गुरुवार को डेन्सो चौक बहादराबाद-सिडकुल हाईवे पर उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिशांत कुमार निवासी बिजनौर और तोसीन निवासी मुजफ्फरनगर बताया। दोनों वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में रह रहे थे। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पकड़ी गई बाइक उन्होंने शिवम विहार कॉलोनी से चोरी की थी और उसे बेचने के लिए बिजनौर ले जा रहे थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुंजाल शोवा कंपनी के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में से दो बाइक थाना सिडकुल और थाना रानीपुर में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाई गई हैं, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एक बाइक के इंजन और चेचिस नंबर भी घिसे मिले हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में
थाना प्रभारी अजय शाह, उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, हेड कांस्टेबल संजय तोमर, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दीपक दानू शामिल रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!