रुड़की, 14 मई 2026।
हरिद्वार जनपद के क्षेत्र रुड़की में अग्निशमन केंद्र रुड़की टीम ने सनातन धर्मप्रकाश चन्द इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को आग से बचाव और प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जनजागरूकता अभियान के तहत किया गया।



फायर टीम ने एलपीजी सिलेंडर लीक होने से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय विस्तार से समझाए। साथ ही आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और तत्काल 112 पर सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्रैक्टिकली अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का डेमो भी दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे स्वयं उनका सही उपयोग कर सकें। टीम ने भूकंप और अग्निकांड जैसी आपदाओं के दौरान क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसकी भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
फायर अधिकारियों ने कहा कि छात्राएं समाज का अहम हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें प्राथमिक अग्निशमन, आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की जानकारी होना बेहद जरूरी है। राष्ट्र की संपत्ति और जनहानि को बचाने के लिए सतर्कता और जागरूकता आवश्यक है।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन से परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने का अनुरोध किया गया। टीम ने “प्रैक्टिस मकेस ए मैन परफेक्ट” के सिद्धांत पर नियमित अभ्यास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अग्निशमन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति नई चेतना पैदा करते हैं।